3 फरवरी को गांव कंडेला में होगी प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत
राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित कई भाकियू नेता करेंगे सम्बोधितदर्जन भर खाप पंचायतें भी होंगी शामिल
कंडेला खाप करेगी किसान महापंचायत का आयोजन
चंडीगढ़/नई दिल्ली : आगामी 3 फरवरी को जींद के गांव कंडेला स्थित खेल स्टेडियम में 11 बजे होने वाली प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत ऐतिहासिक होगी। इस महापंचायत में प्रदेश भर के किसान भाग लेंगे। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफल कंडेला, राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह व प्रदेश अध्यक्ष रतनमान सहित प्रदेश भर के किसान भाग लेंगे।
आज कंडेला स्थित खेल स्टेडियम का निरीक्षण करने के उपरांत भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने बताया कि इस किसान महापंचायत का आयोजन कंडेला खाप से तरफ से किया जा रहा है। खाप प्रधान टेकराम कंडेला सहित दर्जनों खाप पंचायतों के प्रधान भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में दर्जनों खाप पंचायतों का समर्थन भारतीय किसान यूनियन को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि देश भर के किसान तीन कृषि कानूनों के विरोध में एकजुट हैं। भाकियू की ओर से पंचकूला, अम्बाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, फतियाबाद, सिरसा, करनाल, पानीपत, भिवानी, सोनीपत, झज्जर, दादरी सहित कई जिलों के किसानों को इस महापंचायत में आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफल कंडेला, प्रदेश संगठन सचिव श्याम सिंह मान, प्रदेश प्रवक्ता छज्जू राम कंडेला ने भी महापंचायत स्थल का दौरा किया। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतनमान से किसानों से किसान आंदोलन को आज की परिस्थिति अनुसार जोरदार तरीके से सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। रतनमान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मामले को हल करने के लिए जो हाथ बढाए हैं किसान इस कदम का स्वागत करते हैं। उन्हें उम्मीद है कि देश के प्रधानमंत्री किसान हित में जल्द ही कृषि से संबंधित तीन विवादित कानूनों को वापिस लेने की घोषणा कर सकते हैं।
बाक्स
प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने बिल्लू खांडा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर किया नामित
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता छज्जू राम कंडेला ने इस दौरान बताया कि भाकियू प्रदेशाध्यक्ष रतनमान गत माह से एक भयंकर बीमारी से जूझ रहे हैं। जिसके चलते उनका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस कारण भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने उपाध्यक्ष बिजेंद्र उर्फ बिल्लू खांडा को कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है ताकि किसान आंदोलन बदस्तूर जारी रहे। उन्होंने कहा कि बिजेन्द्र उर्फ बिल्लू खांडा राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह के कुशल नेतृत्व में किसान आंदोलन व उनके निर्देशानुसार कार्य करेंगे।
COMMENTS